बंदिश बैंडिट्स
आमतौर पर आजकल जहाँ हिंसा, अपराध, गाली-गलौज और सॉफ्ट-पोर्न आधारित वेब सीरीज़ की बाढ़ आयी हुई है। ऐसे दौर में 'बंदिश बैंडिट्स’ एक ऐसी वेब सीरीज़ है जिसे राजस्थानी परिवेश में मीठे संगीत की चाशनी में लपेटकर गढ़ा गया है।
ये सीरीज़ अपने पहले दृश्य से ही मन मोह लेती है। जिसकी कहानी को भारतीय शास्त्रीय संगीत और हिप-हॉप म्यूजिक के आधार पर बेहद खूबसूरती के साथ रचा-बुना गया है। इस सीरीज़ में शंकर-एहसान-लॉय और जावेद अली अपनी मखमली आवाज़ और खूबसूरत संगीत से चार चाँद लगाते हैं। जिनका संगीत जितना बढ़िया है, गायकी भी उतनी ही कर्णप्रिय है। न सिर्फ संगीत बल्कि, इस वेब सीरीज़ की कहानी, पटकथा और प्रस्तुती भी मनमोहक है।
अभिनय के दृष्टिकोण से देखें तो पंडित राधे मोहन राठौर के रूप में (नसीरुद्दीन शाह) नें अपनी बेहतरीन अदाकारी के बलबूते अभिनय की ऐसी छटां बिखेरी है की पूरी सीरीज़ में वो संगीत साधक और गुरु की भूमिका में इतने स्वाभाविक दिखते हैं कि लगता ही नहीं कि वो अभिनय कर रहे हैं। उनके साथ-साथ पंडित दिग्विजय (अतुल कुलकर्णी), मोहिनी (शीबा चड्ढा) और राधे (ऋत्विक भौमिक) भी प्रभावित करते हैं।
"बंदिश बैंडिट्स" पहली ऐसी इंडियन वेब सीरीज़ है जो पूर्णतः संगीत पर आधारित है। अगर आप संगीत प्रेमी हैं तो ये वेब सीरीज़ इस वर्क फ्रॉम होम के समय में आपके लिए एक सुंदर उपहार है। जिसे देखकर मन तृप्त हो जाता है।
वेब सिरीज: "बंदिश बैंडिट्स" निर्देशक : आनंद तिवारी कलाकार: नसीरुद्दीन शाह, श्रेया चौधरी, ऋत्विक भौमिक, शीबा चड्ढा, अतुल कुलकर्णी, राजेश तैलंग, कुणाल रॉय कपूर, अमित मिस्त्री, त्रिधा चौधरी, मेघना मलिक स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म: Amazon Prime Video
©#कुमार मौसम शोधार्थी, मीडिया अध्ययन विभाग महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी, बिहार
